
विवेक ओबेरॉय को फिल्मी अंदाज में बाइक चलाना पड़ा महंगा, वीडियो देख मुंबई पुलिस ने काटा चालान
मुंबई (पंजाब 365 न्यूज़ ) : अभिनेता विवेक ओबेरॉय हाल ही में अपने एक वीडियो के कारण मुसीबत में फंस गए हैं। जिसमें वो ट्रैफिक के नियम तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को देखने के बाद उनके खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई भी कर दी है। वीडियो में विवेक फिल्मी अंदाज में सड़कों पर बाइक दौड़ाते दिखाई दे रहे हैं लेकिन उन्होंने सुरक्षा के लिए हेलमेट नहीं पहन रखा है, जिसके कारण पुलिस ने चालान काट दिया है। विवेक का ये वीडियो सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ वायरल होता दिखाई दे रहा है।
दरअसल, विवेक ओबेरॉय ने 14 फरवरी को अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वो रात में मुंबई की सड़कों में बाइक चलाते दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो में ना तो विवेक ने मास्क पहन रखा था और ना ही हेलमेट लगाया था। वहीं इस वीडियो के बैकग्राउंड में उनकी फिल्म ‘साथिया’ का म्यूजिक चल रहा था और पीछे उनकी पत्नी प्रियंका बैठी नजर आ रही थीं। ‘साथिया’ के अंदाज में बाइक चलाना विवेक को भारी पड़ गया।

विवेक ने राइडिंग के वक्त अपने चेहरे पर मास्क भी नही लगाया है , जिसके बाद विवेक ओबेरॉय के ऊपर मुंबई पुलिस ने आईपीसी की धारा 188, 269, मोटर वेहिकल एक्ट की धारा 129, 177 और एपेडमिक एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में यह मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब हो कि मुंबई में पिछले कुछ दिनों से कोरोना मरीजो की संख्या एक बार फिर तेजी से बढ़ रही है ।