
दामाद को ससुराल वालों का घर आना नहीं था पसंद , युवक ने ससुराल में घुसकर पत्नी और सास-ससुर को मारी गोलियां
जालंधर ( पंजाब 365 न्यूज़ ) : पंजाब के जालंधर में पारिवारिक विवाद उस समय इतना बढ़ गया की एक शख्स ने अपने ससुराल वालों की जीवन लीला ही समाप्त कर दी। पंजाब के जालंधर शहर में एक युवक ने देर रात अपनी ससुराल में पहुंचकर परिवार के तीन सदस्यों की गोलियां मार कर हत्या कर दी। वारदात शिवनगर एरिया की गली नंबर 5 में हुई। हत्या करने वाला सुनील सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। सुनील सोमवार देर रात ससुराल पहुंचा और अपने लाइसेंसी हथियार से पत्नी शिल्पी, सास कृष्णा और ससुर अशोक की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हर रोज होता था झगड़ा :
पुलिस थाना डिवीजन नंबर-1 के तहत आते शिवनगर में हुए इस ट्रिपल मर्डर की वजह पारिवारिक विवाद रहा। आरोपी सुनील का अपनी पत्नी शिल्पी से झगड़ा चल रहा था। शिल्पी का मायका ससुराल के नजदीक ही है इसलिए उसके माता-पिता बेटी से मिलने सुनील के घर आते रहते थे। सुनील का यह बात पसंद नहीं थी और इसे लेकर उसका रोज शिल्पी से झगड़ा होता था।
तीसरी शादी में भी थी अनबन :
SHO ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले सुनील ने तीसरी शादी करीब तीन साल पहले शिल्पी नामक युवती से की थी। इसके बाद उसके यहां बेटा भी पैदा हुआ। सुनील ने पहली दो पत्नियों को तलाक दे रखा था। तीसरी पत्नी शिल्पी से भी उसका विवाद व मनमुटाव चल रहा था। सोमवार को सुनील ने मामला निपटाने के लिए अपने ससुर अशोक कुमार और सास कृष्णा को अपने निवास शिव नगर में बुला रखा था। इस दौरान उसकी कहासुनी हो गई और उसने रिवाल्वर से शिल्पी, कृष्णा व अशोक कुमार को गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मौके पर आकर सुनील को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी पर हत्या का मामला दर्जकर लिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।